मधुबनी रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, जयनगर-उधना एक्सप्रेस के कोच में लगी भीषण आग

बिहार के मधुबनी रेलवे स्टेशन पर गुरुवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर खड़ी जयनगर-उधना एक्सप्रेस के एक कोच में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में कोच आग के गोले में तब्दील हो गया और आसमान में धुएं का काला गुबार छा गया। घटना के बाद स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। गनीमत यह रही कि ट्रेन उस समय खाली खड़ी थी, जिससे किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग की वजह से ट्रेन के एक कोच को भारी नुकसान पहुंचा है।

कई दिनों से प्लेटफॉर्म पर खड़ी थी ट्रेन

जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 22563 जयनगर-उधना एक्सप्रेस पिछले दो-तीन दिनों से मधुबनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर खड़ी थी। रेलवे सूत्रों के मुताबिक जयनगर स्टेशन पर वॉशिंग पिट और पर्याप्त लाइन उपलब्ध नहीं होने के कारण ट्रेन को मधुबनी स्टेशन पर रखा गया था। गुरुवार को इस ट्रेन को गुजरात के उधना के लिए रवाना होना था। सुबह अचानक ट्रेन के एक कोच से धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं। प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों ने तुरंत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और स्टेशन मास्टर को इसकी सूचना दी।

दमकल की कई गाड़ियों ने पाया आग पर काबू

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। कुछ ही देर में अग्निशमन विभाग की 8 से 10 गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों और रेलवे स्टाफ ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। हालांकि तब तक कोच का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो चुका था। आग बुझाने के दौरान प्लेटफॉर्म पर सुरक्षा के मद्देनजर लोगों की आवाजाही रोक दी गई थी।

शॉर्ट सर्किट की आशंका

रेलवे अधिकारियों के शुरुआती अनुमान के मुताबिक आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। हालांकि आग कैसे लगी, इसकी सही वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। रेलवे प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी जांच शुरू कर दी है।

समस्तीपुर DRM पहुंचे मौके पर

हादसे की सूचना मिलते ही समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा विशेष ट्रेन से अधिकारियों की टीम के साथ मधुबनी पहुंचे। उनके साथ कमांडेंट आशीष कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। डीआरएम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से पूरी जानकारी ली और आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच के निर्देश दिए। रेलवे प्रशासन ने कहा है कि सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment