बॉलीवुड अभिनेता Sunny Deol इन दिनों अपनी आगामी फिल्मों को लेकर लगातार चर्चा में हैं। जहां उनकी फिल्म ‘बंटवारा 1947’ 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है, वहीं उनकी एक और बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘इक्का’ जल्द ही OTT प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने वाली है। खास बात यह है कि इस फिल्म में सनी देओल के साथ Akshaye Khanna भी नजर आएंगे और दोनों कलाकार करीब 29 साल बाद किसी फिल्म में साथ दिखाई देंगे। इससे पहले सनी देओल और अक्षय खन्ना ने साल 1997 में रिलीज हुई Border में साथ काम किया था। अब दोनों की जोड़ी एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है।
OTT पर रिलीज होगी ‘इक्का’
फिल्म ‘इक्का’ को सीधे OTT प्लेटफॉर्म Netflix पर रिलीज किया जाएगा। यह फिल्म 10 जुलाई को स्ट्रीम होगी। नेटफ्लिक्स इंडिया ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान किया है। पोस्ट में लिखा गया, “तारीख आ गई है। कानून के खेल में इक्का जल्द उतरेगा।”
कोर्टरूम ड्रामा में आमने-सामने होंगे सनी और अक्षय
‘इक्का’ एक कोर्टरूम ड्रामा फिल्म है, जिसमें सनी देओल एक दमदार वकील की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं अक्षय खन्ना फिल्म में नकारात्मक किरदार निभा रहे हैं। कहानी के केंद्र में दोनों कलाकारों के बीच कानूनी लड़ाई और तीखी बहस दिखाई जाएगी। फिल्म के टीजर से संकेत मिला है कि कहानी किसी बड़े और रहस्यमय मामले के इर्द-गिर्द घूमती है। टीजर में कई तनावपूर्ण और एक्शन से भरपूर दृश्य देखने को मिले थे। एक दृश्य में सनी देओल पूछताछ के दौरान अक्षय खन्ना को मुक्का मारते नजर आते हैं, जबकि अंत में अक्षय खन्ना का संवाद “टिक-टिक बूम” और सनी देओल का जोरदार “शट अप” दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा देता है।
दमदार स्टारकास्ट से सजी है फिल्म
‘इक्का’ में सनी देओल और अक्षय खन्ना के अलावा Dia Mirza, Tillotama Shome, Sanjeeda Sheikh और Akansha Ranjan Kapoor भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म में तिलोत्तमा शोम एक समर्पित पब्लिक प्रॉसिक्यूटर की भूमिका निभा रही हैं, जबकि दीया मिर्जा एक पत्नी और मां के किरदार में दिखाई देंगी, जो मुश्किल परिस्थितियों में अपने परिवार को संभालने की कोशिश करती है। फिल्म का निर्देशन Siddharth P. Malhotra ने किया है। कोर्टरूम ड्रामा, सस्पेंस और दमदार कलाकारों से सजी यह फिल्म OTT दर्शकों के लिए जुलाई की बड़ी रिलीज मानी जा रही है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







