4 जुलाई को पीएम मोदी करेंगे पचपदरा रिफाइनरी का लोकार्पण, बालोतरा में तैयारियां अंतिम चरण में

बालोतरा। पश्चिमी राजस्थान की बहुप्रतीक्षित पचपदरा रिफाइनरी के लोकार्पण को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को दोपहर 12 बजे पचपदरा पहुंचकर एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी का लोकार्पण करेंगे। प्रधानमंत्री लगभग दो घंटे तक कार्यक्रम में शामिल रहेंगे और दोपहर करीब 2 बजे जोधपुर के लिए रवाना होंगे। हालांकि, प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से अभी तक आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। कार्यक्रम स्थल से लेकर यातायात, सुरक्षा और वीआईपी व्यवस्थाओं तक हर पहलू की माइक्रो प्लानिंग की जा चुकी है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष और मुख्यमंत्री करेंगे तैयारियों की समीक्षा

लोकार्पण समारोह से पहले भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ गुरुवार को पचपदरा पहुंचकर तैयारियों का जायजा लेंगे और पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक करेंगे। वहीं 3 जुलाई को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी रिफाइनरी पहुंचकर तैयारियों की अंतिम समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम जोधपुर में प्रस्तावित है।

सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम

समारोह में अब केवल दो दिन शेष रहने के कारण प्रशासनिक अधिकारियों का रिफाइनरी परिसर में लगातार दौरा जारी है। पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से कार्यक्रम को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में जुटी हुई हैं। प्रशासन के अनुसार सुरक्षा कारणों से समारोह में सीमित संख्या में लोगों को ही प्रवेश दिया जाएगा। कार्यक्रम में लगभग 5 हजार लोगों की उपस्थिति रहने का अनुमान है। वहीं, पूरे जिले के गांवों और शहरों में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से समारोह का सीधा प्रसारण किया जाएगा, ताकि आमजन भी इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बन सकें।

एक दिन में 2.51 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य

प्रधानमंत्री के प्रस्तावित आगमन को पर्यावरण संरक्षण अभियान से जोड़ते हुए जिला प्रशासन ने पूरे जिले में 2 लाख 51 हजार पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया है। योजना के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में 500 पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा नगर निकाय क्षेत्रों, विद्यालयों, सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, पंचायत परिसरों और चारागाह भूमि पर भी बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जाएगा। प्रत्येक पौधे की जियो-टैगिंग कर उसकी निगरानी और संरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा। इस अभियान में विभिन्न सरकारी विभागों के साथ जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

साइकिल रैली से दिया जाएगा पर्यावरण संरक्षण का संदेश

लोकार्पण समारोह के साथ प्रदेश सरकार ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देगी। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक और प्रशासनिक अधिकारी पचपदरा से एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी तक साइकिल रैली में भाग लेंगे। कार्यक्रम स्थल पर ई-वाहनों और साइकिलों के लिए विशेष ग्रीन पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी। जिला प्रशासन ने नागरिकों से पौधरोपण अभियान में भाग लेने, लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने तथा पर्यावरण अनुकूल परिवहन साधनों को अपनाने की अपील की है। पचपदरा रिफाइनरी का लोकार्पण राजस्थान के औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे प्रदेश में निवेश, रोजगार और ऊर्जा क्षेत्र को नई गति मिलने की उम्मीद है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment