दौसा। दौसा जिला अस्पताल में कार्यरत 40 वर्षीय डॉक्टर हिमांशु शर्मा का शुक्रवार को जयपुर में निधन हो गया। प्रारंभिक चिकित्सकीय जानकारी के अनुसार उनकी मौत का संभावित कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है। उनके असामयिक निधन की खबर से चिकित्सा जगत और दौसा जिला अस्पताल में शोक की लहर दौड़ गई।
दो दिन पहले हुई थी सीने में दर्द की शिकायत
जानकारी के अनुसार, डॉ. हिमांशु शर्मा को दो दिन पहले सीने में हल्का दर्द और बेचैनी महसूस हुई थी। शुरुआत में उन्होंने इसे सामान्य गैस या एसिडिटी समझकर दवा ले ली। एहतियात के तौर पर उन्होंने दौसा से अवकाश लिया और जयपुर स्थित अपने घर चले गए।
अस्पताल में जांच के दौरान बिगड़ी तबीयत
शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे उन्हें दोबारा सीने में तेज दर्द हुआ। इसके बाद उनकी पत्नी डॉ. अर्पणा शर्मा, जो जयपुर के जयपुरिया सरकारी अस्पताल में चिकित्सक हैं, उन्हें मालवीय नगर स्थित राजस्थान हॉस्पिटल लेकर पहुंचीं। अस्पताल में डॉक्टर उनकी जांच कर रहे थे, तभी अचानक उनकी हालत गंभीर हो गई। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में उन्होंने दम तोड़ दिया।
अस्पताल स्टाफ में शोक, 2023 से दे रहे थे सेवाएं
दौसा जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. आर.के. मीणा ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे डॉ. हिमांशु शर्मा के निधन की सूचना मिलते ही पूरे अस्पताल परिसर में शोक का माहौल छा गया। वे वर्ष 2023 से जिला अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
सहकर्मियों के अनुसार डॉ. हिमांशु शर्मा अपने मिलनसार, सरल और कर्तव्यनिष्ठ स्वभाव के लिए जाने जाते थे। मरीजों के प्रति उनका व्यवहार हमेशा संवेदनशील और सहयोगपूर्ण रहता था, जिसके कारण वे अस्पताल स्टाफ और आम लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
डॉ. हिमांशु शर्मा अपने पीछे पत्नी डॉ. अर्पणा शर्मा और दो छोटी बेटियों को छोड़ गए हैं। उनके अचानक निधन से परिवार गहरे सदमे में है। वहीं, चिकित्सा जगत ने एक समर्पित और युवा चिकित्सक को खो दिया है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







