नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बड़े विरोध प्रदर्शन और हंगामे के बीच केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर सरकार का पक्ष रखा। इस दौरान उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि छात्रों से जुड़े संवेदनशील मुद्दों का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए और न ही इससे राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश होनी चाहिए।
राहुल गांधी के आरोपों पर होगी जांच प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि राहुल गांधी ने संसद में करीब 150 पेपर लीक मामलों का जिक्र करते हुए एक प्रेजेंटेशन दिया था। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी द्वारा उठाए गए आरोप और आंकड़े जांच का विषय हैं। एक जिम्मेदार सरकार होने के नाते, हम इन सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कराएंगे और पूरा सच जनता और देश के सामने लेकर आएंगे।”
‘संसद में 18 घंटे तक चर्चा कराने को तैयार सरकार’ केंद्रीय मंत्री ने जोर देकर कहा कि छात्रों द्वारा उठाए गए मुद्दे, खास तौर पर पेपर लीक और परीक्षा धांधली, वाकई बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने विपक्ष से अपील करते हुए कहा, “इस विषय पर सार्थक बात करने के लिए सबसे मुफीद जगह संसद है। सरकार सदन के भीतर इस मुद्दे पर हर तरह की चर्चा कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (BAC) में समय तय किया जा सकता है—चाहे विपक्ष 12 घंटे चर्चा चाहे या 18 घंटे, हम पीछे नहीं हटने वाले।”
‘बच्चे देश का भविष्य हैं, मिलकर निकालना होगा समाधान’ नड्डा ने विपक्षी दलों से जिम्मेदारी से काम लेने का आग्रह करते हुए कहा, “बच्चे हमारे भी हैं, आपके भी हैं और इस पूरे देश का भविष्य हैं। युवाओं के भविष्य की रक्षा करना सरकार और विपक्ष दोनों की साझा जिम्मेदारी है। इसलिए राजनीति छोड़कर हम सभी को मिलकर इस समस्या का एक स्थाई और ठोस समाधान निकालना चाहिए।”
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








