हरारे: भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का आगाज गुरुवार, 23 जुलाई से हरारे स्पोर्ट्स क्लब में होने जा रहा है। आयरलैंड (0-2) और इंग्लैंड (0-4) दौरे पर टी20 सीरीज गंवाने के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर के सामने बतौर कप्तान अपनी पहली जीत दर्ज करने की बड़ी चुनौती है। श्रेयस ने अपनी कप्तानी में लगातार सात मैचों में टॉस तो जीता, लेकिन एक भी मुकाबला अपने नाम नहीं कर सके। ऐसे में युवा और कम अनुभवी खिलाड़ियों से सजी भारतीय टीम इस दौरे से लय में लौटने की पूरी कोशिश करेगी।
गौतम गंभीर की गैर-मौजूदगी में वीवीएस लक्ष्मण संभालेंगे कोच की कमान नियमित मुख्य कोच गौतम गंभीर की गैर-मौजूदगी में वीवीएस लक्ष्मण एक बार फिर भारतीय टीम के स्टैंड-इन हेड कोच के रूप में वापसी कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में प्लेइंग इलेवन के संतुलन और युवा खिलाड़ियों के चयन पर सभी की निगाहें टिकी होंगी। इस सीरीज का दूसरा और तीसरा मुकाबला क्रमशः 25 और 26 जुलाई को इसी मैदान पर खेला जाएगा।
15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी नजरें इस सीरीज में सबसे बड़ा आकर्षण 15 साल के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी होंगे। उम्मीद है कि वह अभिषेक शर्मा के साथ पारी का आगाज करते नजर आएंगे। हरारे स्पोर्ट्स क्लब का मैदान दोनों ही ओपनर्स के लिए लकी रहा है—अभिषेक ने यहीं अपना पहला अंतरराष्ट्रीय टी20 शतक जड़ा था, तो वहीं सूर्यवंशी ने इसी साल अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंदों में 175 रनों की तूफानी पारी खेली थी। हालांकि, इंग्लैंड के खिलाफ अपने डेब्यू सीरीज में वैभव 14, 13 और 15 रन ही बना सके थे, लेकिन जिम्बाब्वे के खिलाफ उनके पास खुद को साबित करने का शानदार मौका होगा।
मध्यक्रम और प्लेइंग XI की उलझन भारतीय मिडिल ऑर्डर में चयन को लेकर भी माथापचैसी जारी है। उप-कप्तान तिलक वर्मा नंबर 5 पर अपनी लय तलाश रहे हैं, जबकि ईशान किशन नंबर 3 पर बल्लेबाजी कर रहे हैं। फिनिशर के तौर पर रिंकू सिंह का स्थान पक्का माना जा रहा है।
इसके अलावा ऑलराउंडर की भूमिका के लिए हर्ष दुबे, शिवम दुबे और सूर्यांश शेडगे के बीच होड़ है, जबकि तेज गेंदबाजी में मयंक यादव और प्रिंस यादव को मौका मिलने की पूरी संभावना है।
हरारे की पिच और हेड-टू-हेड रिकॉर्ड हरारे स्पोर्ट्स क्लब की पिच अपनी तेज गति और उछाल के लिए जानी जाती है, जहाँ जिम्बाब्वे के अनुभवी तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी और रिचर्ड नगारवा भारतीय बल्लेबाजों की कड़ी परीक्षा ले सकते हैं।
अगर आंकड़ों की बात करें, तो भारत और जिम्बाब्वे के बीच 2010 से अब तक कुल 14 टी20 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से भारत ने 11 और जिम्बाब्वे ने 3 मैच जीते हैं। भारत का पलड़ा भले ही भारी हो, लेकिन घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर जिम्बाब्वे उलटफेर करने की क्षमता रखता है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








