भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन ऋषभ पंत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए कई बड़ी उपलब्धियां अपने नाम कर लीं। पंत ने सोमवार को 3 रन से आगे खेलते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया और लंच तक 63 रन बनाकर नाबाद रहे। हालांकि, दूसरे सेशन में वह बिना कोई रन जोड़े आउट हो गए, लेकिन उनकी यह पारी रिकॉर्ड के लिहाज से बेहद खास रही। ऋषभ पंत ने एक ही पारी में एमएस धोनी और शुभमन गिल को पीछे छोड़ते हुए भारतीय क्रिकेट में नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
WTC में भारत के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने पंत
ऋषभ पंत अब आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में भारत के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। पंत के नाम 42 टेस्ट मैचों में 2,948 रन हो गए हैं। उन्होंने कप्तान शुभमन गिल को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 42 टेस्ट मैचों में 2,917 रन बनाए हैं। इस सूची में रोहित शर्मा 40 टेस्ट में 2,716 रन के साथ तीसरे, रवींद्र जडेजा 50 टेस्ट में 2,675 रन के साथ चौथे और विराट कोहली 46 टेस्ट में 2,617 रन के साथ पांचवें स्थान पर हैं। यशस्वी जायसवाल 30 टेस्ट मैचों में 2,588 रन बनाकर छठे नंबर पर हैं।
विदेशी टेस्ट में धोनी का रिकॉर्ड भी तोड़ा
पंत ने अपनी 63 रन की पारी के दौरान एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह विदेशी या न्यूट्रल मैदान पर टेस्ट में भारतीय विकेटकीपर के तौर पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।इस मामले में पंत ने एमएस धोनी को पीछे छोड़ा। पंत ने इस कैटेगरी में 2,500 रन पूरे कर लिए हैं, जबकि धोनी के नाम 2,496 रन दर्ज हैं। पंत ने ये रन करीब 42 के औसत से बनाए हैं, जबकि धोनी का औसत 32.84 रहा था।
अब पंत के निशाने पर एक और बड़ा रिकॉर्ड
ऋषभ पंत अब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में एक और बड़ी उपलब्धि के बेहद करीब हैं। WTC इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले शीर्ष-10 बल्लेबाजों की सूची में फिलहाल कोई भारतीय खिलाड़ी शामिल नहीं है। पंत के नाम इस समय 2,948 रन हैं और न्यूजीलैंड के केन विलियमसन 3,025 रन के साथ 10वें स्थान पर हैं। ऐसे में पंत को टॉप-10 में पहुंचने के लिए 78 रन और बनाने होंगे। अगर पंत अगली पारी में 78 या उससे ज्यादा रन बनाने में सफल रहते हैं, तो वह केन विलियमसन को पीछे छोड़कर WTC इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के शीर्ष-10 बल्लेबाजों में शामिल हो जाएंगे।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








