बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान का गणपति उत्सव से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हर साल की तरह इस बार भी खान परिवार ने गणपति बप्पा का उत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया। मंगलवार रात सलमान खान अपनी बहन अर्पिता खान शर्मा के घर गणपति विसर्जन समारोह में शामिल हुए। इसी दौरान भाई-बहन के बीच का एक प्यारा सा पल कैमरे में कैद हो गया, जिसे सोशल मीडिया यूजर्स खूब पसंद कर रहे हैं।
वायरल वीडियो में सलमान खान गणपति बप्पा की अंतिम आरती करते दिखाई दे रहे हैं। वह हाथ में आरती की थाली लेकर पूरी श्रद्धा के साथ आरती कर रहे थे। इसी दौरान थाली घुमाते वक्त उनसे दिशा को लेकर छोटी सी चूक हो गई। पास खड़ी अर्पिता खान ने जैसे ही यह देखा, उन्होंने तुरंत भाई को इशारे से सही तरीका बताया।
अर्पिता के समझाने के बाद सलमान खान ने मुस्कुराते हुए उनकी बात मानी और उसी तरीके से आरती जारी रखी। भाई-बहन के बीच का यह सहज अंदाज लोगों को खूब पसंद आ रहा है। आरती पूरी होने के बाद सलमान अपनी बहन की बेटी के साथ भी मस्ती करते नजर आए।
इस मौके पर सलमान खान कैजुअल लुक में दिखाई दिए। उन्होंने ब्लैक टी-शर्ट के साथ स्लीवलेस ग्रे जैकेट पहनी थी और सिर पर ब्लैक हेडबैंड लगाया हुआ था। वहीं अर्पिता खान एथनिक आउटफिट में नजर आईं। गणपति विसर्जन के दौरान परिवार और करीबी लोगों ने ढोल-ताशों के बीच ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारे लगाए और बप्पा को विदाई दी।
खान परिवार में लंबे समय से मनाया जाता है गणपति उत्सव
सलमान खान के परिवार में गणेश चतुर्थी का उत्सव लंबे समय से मनाया जाता रहा है। खान परिवार अलग-अलग धार्मिक और सांस्कृतिक त्योहारों को उत्साह के साथ मनाने के लिए भी जाना जाता है। गणपति उत्सव के दौरान सलमान खान की मौजूदगी हर साल उनके प्रशंसकों का ध्यान खींचती है।
गणपति विसर्जन से पहले सलमान खान मुंबई में मुकेश अंबानी के घर आयोजित गणेश चतुर्थी समारोह में भी नजर आए थे। इस बार भी गणपति उत्सव से सामने आए उनके वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








