Jaswant Singh Yadav Death: वसुंधरा राजे ने जताया गहरा दुख, बोलीं- भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति

Jaswant Singh Yadav Death News: राजस्थान भाजपा के वरिष्ठ नेता और बहरोड़ विधायक डॉ. जसवंत सिंह यादव का रविवार, 8 नवंबर 2026 को जयपुर में निधन हो गया। वे 73 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर से भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने उनके निधन पर दुख जताया। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी भावुक संदेश जारी कर डॉ. यादव को श्रद्धांजलि दी और उनके राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान को याद किया।

वसुंधरा राजे ने बताया भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने अपने शोक संदेश में कहा कि पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद और बहरोड़ विधायक डॉ. जसवंत यादव के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि डॉ. यादव ने अपने लंबे राजनीतिक और सामाजिक जीवन में जनसेवा को सर्वोपरि रखते हुए क्षेत्र के विकास और जनकल्याण के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।

राजे ने कहा कि जनहित के प्रति उनका समर्पण और जनता से जुड़ाव हमेशा याद किया जाएगा। उनका निधन भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति देने और शोकाकुल परिजनों एवं समर्थकों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

वसुंधरा राजे और जसवंत यादव का रहा मजबूत राजनीतिक रिश्ता

राजस्थान की राजनीति में डॉ. जसवंत यादव को अलवर और बहरोड़ क्षेत्र के प्रभावशाली नेताओं में गिना जाता था। उन्हें वसुंधरा राजे का भरोसेमंद और करीबी राजनीतिक सहयोगी माना जाता रहा। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, डॉ. यादव के राजनीतिक कद को मजबूत करने में वसुंधरा राजे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को बहुमत मिलने के बाद वसुंधरा राजे ने अपनी सरकार में जसवंत यादव को श्रम, नियोजन एवं कौशल विकास मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी थी। वे पांच साल तक राजे मंत्रिमंडल के प्रभावशाली चेहरों में शामिल रहे।

वसुंधरा राजे के संकटमोचक माने जाते थे डॉ. जसवंत यादव

राजस्थान भाजपा में संगठन और राजनीतिक गुटबाजी से जुड़े घटनाक्रमों के दौरान डॉ. जसवंत यादव को वसुंधरा राजे के मजबूत समर्थक के तौर पर देखा जाता था। अलवर और मत्स्य क्षेत्र में भाजपा की राजनीतिक पकड़ मजबूत करने में भी उनकी अहम भूमिका मानी जाती रही। वसुंधरा राजे के साथ उनके राजनीतिक रिश्ते की चर्चा कई चुनावों के दौरान देखने को मिली। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में बहरोड़ में आयोजित नामांकन सभा का एक प्रसंग भी काफी चर्चित रहा था। बताया जाता है कि इस सभा में जसवंत यादव की बहू ने मंच पर वसुंधरा राजे के पैर छूकर परिवार के लिए आशीर्वाद मांगा था। इसके बाद वसुंधरा राजे ने मंच से जसवंत यादव को अपना पुराना, सच्चा और भरोसेमंद भाई बताते हुए जनता से उन्हें समर्थन देने की अपील की थी। इस चुनाव में जसवंत यादव चौथी बार विधानसभा पहुंचे थे।

2018 में अलवर लोकसभा उपचुनाव में मिली थी हार

वर्ष 2018 में अलवर लोकसभा सीट पर उपचुनाव के दौरान वसुंधरा राजे ने डॉ. जसवंत यादव को भाजपा का उम्मीदवार बनाया था। यह चुनाव तत्कालीन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के लिए प्रतिष्ठा का सवाल माना जा रहा था। उन्होंने खुद अलवर में कई दिनों तक प्रचार अभियान की कमान संभाली थी। हालांकि, इस उपचुनाव में जसवंत यादव को हार का सामना करना पड़ा था। डॉ. जसवंत सिंह यादव के निधन से भाजपा ने राजस्थान की राजनीति में अपना एक अनुभवी नेता खो दिया है। उनके लंबे राजनीतिक सफर और जनसेवा से जुड़े योगदान को समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता याद कर रहे हैं।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment