अलवर दौरे पर गरजे डॉ. किरोड़ी लाल मीणा, कांग्रेस को दी खुली चुनौती; बोले- सबूत हैं तो सामने लाओ, पद छोड़ने को तैयार हूं

अलवर। राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री और अलवर जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा रविवार को अलवर दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन और सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर जिला कलक्टर आर्तिका शुक्ला, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

कांग्रेस पर साधा निशाना

दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए डॉ. किरोड़ी लाल मीणा अपने पुराने अंदाज में विपक्ष पर हमलावर नजर आए। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वे हमेशा भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं और भ्रष्टाचार को उजागर करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जिन मामलों को दबा दिया गया था, वर्तमान सरकार उन मामलों में कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए नहीं, बल्कि उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए काम कर रही है। मंत्री ने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि यदि विपक्ष के पास उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के कोई ठोस सबूत हैं तो उन्हें सार्वजनिक किया जाए। उन्होंने कहा, “अगर कांग्रेस के पास कोई प्रमाण है तो सामने लाए, मैं पद छोड़ने के लिए तैयार हूं।” डॉ. मीणा ने यह भी संकेत दिए कि उनके द्वारा उठाए गए कुछ मामलों में यदि संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो वह आगे कोई बड़ा कदम उठा सकते हैं। हालांकि उन्होंने इस संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं दी।

मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में देश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। किसानों, मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से राहत प्रदान की जा रही है।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

डॉ. मीणा ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ‘लखपति दीदी’ जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाखों महिलाएं लाभ उठा रही हैं। इसके अलावा बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना के तहत बड़ी संख्या में खाते खोले गए हैं। प्रभारी मंत्री ने दावा किया कि देशभर में अब तक लगभग 8 लाख किलोमीटर सड़कों का नेटवर्क विकसित किया जा चुका है। इससे गांवों और दूरदराज क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर हुई है तथा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान हुई है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के माध्यम से लाखों हेक्टेयर भूमि तक सिंचाई का पानी पहुंचाया गया है, जिससे किसानों को लाभ मिला है।

रेलवे, स्वास्थ्य और रोजगार में प्रगति का दावा

मंत्री ने कहा कि देशभर में 164 वंदे भारत ट्रेनों का संचालन हो रहा है और विभिन्न शहरों में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। स्वास्थ्य क्षेत्र में 23 नए एम्स स्थापित किए गए हैं। युवाओं के रोजगार को लेकर उन्होंने कहा कि 1.25 लाख सरकारी नौकरियों के लिए भर्ती कैलेंडर जारी किया जा चुका है। साथ ही हरियाणा से यमुना जल लाने की योजना और रामजल सेतु परियोजना जैसे बड़े विकास कार्यों पर भी तेजी से काम चल रहा है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment