नई दिल्ली। NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का जंतर-मंतर पर धरना लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक और समर्थक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों के हाथों में पोस्टर, बैनर और थाली-चम्मच नजर आए, जबकि सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। इस बीच आंदोलन के दौरान एक भावुक दृश्य देखने को मिला। CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने प्रदर्शनकारियों की मदद कर रहे एक वॉलंटियर मोहम्मद जुनैद के पैर छूकर उनका आभार व्यक्त किया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
छात्रों की मदद करने पहुंचे वॉलंटियर
जानकारी के अनुसार, मोहम्मद जुनैद उन छात्रों के लिए जूस और स्नैक्स लेकर पहुंचे थे, जो लगातार जंतर-मंतर पर डटे हुए हैं। वीडियो में अभिजीत दिपके उन्हें गले लगाते, धन्यवाद देते और सम्मान स्वरूप उनके पैर छूते दिखाई दे रहे हैं। दिपके ने कहा कि आंदोलन में योगदान देने वाले हर व्यक्ति का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से जंतर-मंतर स्थित शौचालयों में पानी की आपूर्ति बहाल करने की भी मांग की।
तीसरे दिन भी जारी रहा धरना
शनिवार को शुरू हुआ यह विरोध प्रदर्शन बिना रुके जारी है। कई छात्र और समर्थक रातभर जंतर-मंतर पर ही रुके हुए हैं। आंदोलन के दौरान स्वयंसेवकों द्वारा लगातार भोजन और पेयजल की व्यवस्था की जा रही है। रविवार को अभिजीत दिपके ने घोषणा की थी कि आंदोलन सोमवार को भी जारी रहेगा। उन्होंने किसान संगठनों, युवाओं और आम नागरिकों से इस अभियान में शामिल होने की अपील की।
मोमबत्ती जलाकर दी श्रद्धांजलि
CJP ने घोषणा की कि शाम को उन छात्रों की याद में कैंडल मार्च आयोजित किया जाएगा, जिनकी मौत कथित तौर पर परीक्षा प्रणाली की खामियों और पेपर लीक विवाद के कारण हुई। पार्टी का आरोप है कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी के कारण लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
धरने के दौरान अभिजीत दिपके ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि NEET परीक्षा से जुड़े विवादों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने पेपर लीक मामले से प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने और परीक्षा प्रक्रिया में व्यापक सुधार लागू करने की मांग भी उठाई।
जंतर-मंतर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सीसीटीवी कैमरों और अन्य निगरानी उपकरणों के जरिए गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








