रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना स्टारर फिल्म ‘धुरंधर’ ने रिलीज के दूसरे हफ्ते में कदम रखते ही बॉक्स ऑफिस पर अपना दबदबा और मजबूत कर लिया है। सेकेंड वीकेंड में ऐतिहासिक कमाई करने के बाद फिल्म ने रिलीज के 11वें दिन भी शानदार प्रदर्शन जारी रखा है। खास बात यह है कि वीक-डे होने के बावजूद सोमवार को धुरंधर ने कलेक्शन के मामले में जबरदस्त धमाका किया है।
वीक-डे में इस तरह की कमाई करना किसी भी फिल्म के लिए आसान नहीं होता, लेकिन धुरंधर ने इस चुनौती को भी पार कर लिया है। आइए जानते हैं कि रिलीज के 11वें दिन फिल्म ने कितनी कमाई की है।
11वें दिन भी धुरंधर का धमाका
5 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई धुरंधर ने ओपनिंग वीकेंड में ही 106 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार किया था। इसके बाद दूसरे वीकेंड में फिल्म ने इतिहास रच दिया। 12 से 14 दिसंबर के बीच तीन दिनों में धुरंधर ने 146 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की और ‘छावा’ और ‘पुष्पा 2’ समेत कुल 9 फिल्मों को पीछे छोड़ दिया। अब रिलीज के 11वें दिन भी फिल्म की कमाई का सिलसिला थमा नहीं है।
वीक-डे में भी मजबूत पकड़
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, दूसरे सोमवार को धुरंधर ने करीब 25 करोड़ रुपये की धुआंधार कमाई की है। वीक-डे के हिसाब से यह आंकड़ा बेहद प्रभावशाली माना जा रहा है। इसके साथ ही फिल्म का नेट बॉक्स ऑफिस कलेक्शन लगभग 390 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि दूसरे हफ्ते के अंत तक धुरंधर 500 करोड़ क्लब के बेहद करीब पहुंच सकती है।
दंगल का रिकॉर्ड टूटा
शानदार बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन के चलते धुरंधर ने आमिर खान की ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘दंगल’ का भारतीय नेट कलेक्शन रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। साल 2016 में रिलीज हुई दंगल ने भारत में करीब 387 करोड़ रुपये की कमाई की थी, जबकि धुरंधर इससे आगे निकल चुकी है। हालांकि, वर्ल्डवाइड कलेक्शन के मामले में दंगल का रिकॉर्ड तोड़ना अभी भी धुरंधर के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है, क्योंकि दंगल ने दुनियाभर में 2000 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया था।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








