Indian Premier League 2026 में Delhi Capitals ने पंजाब किंग्स को हराकर अपनी प्लेऑफ उम्मीदों को जरूर जिंदा रखा है, लेकिन टीम की राह अब भी बेहद मुश्किल बनी हुई है। दिल्ली ने अब तक 12 मुकाबले खेले हैं, जिनमें उसे सिर्फ पांच जीत मिली हैं जबकि सात मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। टीम का नेट रन रेट -0.993 है, जो इस सीजन में सबसे खराब माना जा रहा है।
शानदार शुरुआत के बाद लड़खड़ाई दिल्ली
दिल्ली कैपिटल्स ने सीजन की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी। टीम ने शुरुआती दो मुकाबलों में Lucknow Super Giants और Mumbai Indians को हराकर मजबूत शुरुआत की थी। हालांकि इसके बाद टीम लगातार लय बरकरार नहीं रख सकी। अगले दो मुकाबलों में हार झेलने के बाद दिल्ली ने Royal Challengers Bengaluru के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की, लेकिन फिर अगले तीन मैच हार गई। शुरुआती आठ मुकाबलों में टीम सिर्फ तीन जीत ही दर्ज कर सकी थी।
अब सिर्फ दो मैच बाकी
दिल्ली कैपिटल्स के पास अब इस सीजन में केवल दो मुकाबले बचे हैं। टीम अगर दोनों मैच जीत भी जाती है, तो वह अधिकतम 14 अंकों तक ही पहुंच पाएगी। दिल्ली को अपने बाकी मुकाबले Rajasthan Royals और Kolkata Knight Riders के खिलाफ खेलने हैं। इन दोनों मैचों में बड़े अंतर से जीत हासिल करके टीम नेट रन रेट सुधारने की कोशिश करेगी।
दूसरे टीमों के नतीजों पर निर्भर किस्मत
दिल्ली की सबसे बड़ी समस्या सिर्फ अंक नहीं बल्कि खराब नेट रन रेट भी है। दूसरी ओर Sunrisers Hyderabad, Gujarat Titans और आरसीबी पहले ही सात-सात मुकाबले जीत चुके हैं। इन टीमों का नेट रन रेट भी दिल्ली से काफी बेहतर है। वहीं Punjab Kings, Chennai Super Kings और राजस्थान रॉयल्स ने छह-छह मुकाबले जीते हैं और इनके पास अभी तीन-तीन मैच बाकी हैं।
कैसे बाहर हो सकती है दिल्ली?
दिल्ली कैपिटल्स आधिकारिक तौर पर अभी टूर्नामेंट से बाहर नहीं हुई है, लेकिन अगर आरसीबी, सनराइजर्स हैदराबाद, गुजरात और पंजाब किंग्स अपनी-अपनी एक-एक जीत और दर्ज कर लेते हैं, तो दिल्ली की प्लेऑफ की उम्मीदें पूरी तरह खत्म हो जाएंगी। मौजूदा स्थिति को देखते हुए कहा जा सकता है कि दिल्ली कैपिटल्स के अंतिम चार में पहुंचने की संभावनाएं अब बेहद कम बची हैं।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








