Vasundhara Raje सोमवार को झालावाड़ दौरे के दौरान भावुक नजर आईं। सांसद Dushyant Singh की ‘जन संवाद यात्रा’ के पांचवें चरण के शुभारंभ अवसर पर उन्होंने अपने बड़े भाई और दिवंगत केंद्रीय मंत्री Madhavrao Scindia को याद करते हुए कई भावुक किस्से साझा किए। राजपुरा गांव में आयोजित कार्यक्रम में हजारों लोगों के बीच वसुंधरा राजे ने बताया कि झालावाड़ में रेल सुविधा शुरू कराने के पीछे उनके भाई माधवराव सिंधिया का विशेष योगदान था।
“दादा ने बहन की इच्छा पूरी की”
राजे ने कहा कि जब वह सांसद थीं, तब उन्होंने अपने भाई माधवराव सिंधिया से झालावाड़ के लिए रेल सुविधा की मांग की थी। उस समय माधवराव सिंधिया केंद्र सरकार में रेल मंत्री थे। उन्होंने कहा, “मैं चाहती थी कि झालावाड़ के लोग भी रेल का सफर कर सकें। मैंने दादा से रेल की मांग की और उन्होंने मेरी बात को टाला नहीं। पहली बार झालावाड़ के लिए विशेष रेल बजट मंजूर हुआ।” राजे के इस बयान के दौरान कार्यक्रम में मौजूद लोग भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि आज झालावाड़ रेलवे स्टेशन पर दौड़ती ट्रेनें भाई-बहन के अटूट स्नेह की याद दिलाती हैं।
46 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात
कार्यक्रम के दौरान वसुंधरा राजे ने करीब 46 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। इस दौरान पूर्व विधायक Narendra Nagar भी मौजूद रहे। इन परियोजनाओं में सड़क, पेयजल और बिजली से जुड़े विकास कार्य शामिल हैं। राजे ने कहा कि क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है।
जर्जर स्कूल भवनों के पुनर्निर्माण पर जोर
राजे ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सांसद और विधायक निधि की अधिकतर राशि अब जर्जर और असुरक्षित स्कूल भवनों के पुनर्निर्माण पर खर्च की जाएगी।उन्होंने कहा कि जिले में कई स्कूल भवन खस्ताहाल स्थिति में हैं और बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे भवनों की पहचान कर उन्हें जल्द ठीक कराया जाएगा।
किसानों के लिए 500 करोड़ रुपये मंजूर
पूर्व मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए भी बड़ी राहत की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत झालावाड़ जिले के लिए 500 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। राजे के अनुसार, इसमें से 255 करोड़ रुपये किसानों को वितरित किए जा चुके हैं, जबकि बाकी 260 करोड़ रुपये की प्रक्रिया जारी है और जल्द भुगतान किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि राजस्व मामलों के निस्तारण में झालावाड़ पूरे राजस्थान में पहले स्थान पर है और मई के अंत तक जिले का कोई भी किसान गैर खातेदार नहीं रहेगा।
जन संवाद यात्रा में हजारों समस्याओं का समाधान
राजे ने सांसद दुष्यंत सिंह की जन संवाद यात्रा की सराहना करते हुए बताया कि अब तक यात्रा के चार चरणों में 2043 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 1375 मामलों का समाधान जिला प्रशासन के सहयोग से किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा अब केवल जनसंपर्क कार्यक्रम नहीं बल्कि जनता की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन चुकी है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








