तेजी से बढ़ रहा हाई ब्लड प्रेशर का खतरा, डॉक्टर बोले- ‘साइलेंट किलर’ बन रही बीमारी

देशभर में हाई ब्लड प्रेशर यानी हाइपरटेंशन के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। हाल ही में जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की एनसीडी सेल (नॉन कम्युनिकेबल डिजीज) की रिपोर्ट ने चिंता बढ़ा दी है। रिपोर्ट के मुताबिक बीते कुछ वर्षों में हाई बीपी के मामलों में बड़ा उछाल दर्ज किया गया है। आंकड़ों के अनुसार साल 2022-23 में एनसीडी क्लीनिकों में जांच कराने पहुंचे 11.80 लाख लोगों में करीब 4.4 प्रतिशत मरीज हाई ब्लड प्रेशर से पीड़ित पाए गए थे। वहीं सिर्फ दो साल बाद 2024-25 में यह आंकड़ा बढ़कर 7.57 प्रतिशत तक पहुंच गया।

तेजी से बढ़ रहे हाइपरटेंशन के मरीज

रिपोर्ट के अनुसार 2024-25 में करीब 9.26 लाख लोगों की जांच की गई, जिनमें बड़ी संख्या में मरीजों में हाइपरटेंशन की पुष्टि हुई। विशेषज्ञों का कहना है कि यह बढ़ता ग्राफ भविष्य के लिए गंभीर चेतावनी है। डॉक्टरों के मुताबिक खराब लाइफस्टाइल, तनाव, अनियमित खानपान और शारीरिक गतिविधियों की कमी इसके प्रमुख कारण बन रहे हैं।

क्यों कहा जाता है ‘साइलेंट किलर’?

विशेषज्ञ हाई ब्लड प्रेशर को “साइलेंट किलर” कहते हैं क्योंकि इसके शुरुआती लक्षण अक्सर दिखाई नहीं देते। कई लोगों को लंबे समय तक यह पता ही नहीं चलता कि वे इस बीमारी से जूझ रहे हैं। दुनियाभर में करीब 1.4 अरब लोग हाई ब्लड प्रेशर की समस्या से प्रभावित बताए जाते हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे लोगों की है जिन्हें अपनी बीमारी की जानकारी तक नहीं है। डॉक्टरों का कहना है कि जब मरीज को सिरदर्द, चक्कर, घबराहट या कमजोरी जैसे लक्षण महसूस होने लगते हैं, तब तक शरीर के अंदरूनी अंग प्रभावित होने लगते हैं।

दिल और किडनी पर पड़ रहा असर

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार लंबे समय तक हाई बीपी रहने से दिल और किडनी पर गंभीर असर पड़ता है। बढ़ा हुआ ब्लड प्रेशर किडनी की नसों पर दबाव बढ़ा देता है, जिससे धीरे-धीरे किडनी खराब होने का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा दिल को पूरे शरीर में खून पहुंचाने के लिए अधिक मेहनत करनी पड़ती है। यही वजह है कि अब कम उम्र के युवाओं में भी हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।

बचाव के लिए क्या करें?

डॉक्टरों का कहना है कि 30 साल की उम्र के बाद हर व्यक्ति को नियमित रूप से ब्लड प्रेशर की जांच करवानी चाहिए।

विशेषज्ञों ने कुछ जरूरी सावधानियां अपनाने की सलाह दी है:

  • नमक का सेवन कम करें
  • रोजाना कम से कम 30 मिनट वॉक या एक्सरसाइज करें
  • जंक फूड और तली-भुनी चीजों से दूरी बनाएं
  • पर्याप्त नींद लें
  • तनाव कम करने की कोशिश करें

डॉक्टरों का मानना है कि समय रहते लाइफस्टाइल में बदलाव कर हाई ब्लड प्रेशर जैसी गंभीर बीमारी से काफी हद तक बचा जा सकता है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment