उदयपुर में होने वाली थी शाही शादी, लेकिन दुल्हन ने प्रेमी संग रची मंगेतर की हत्या की साजिश

उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर में होने वाली एक भव्य शादी से पहले ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। महाराष्ट्र के पुणे जिले में 26 वर्षीय कारोबारी केतन विशाल अग्रवाल की मौत के मामले में पुलिस ने उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या थी।

पुलिस के अनुसार, केतन अग्रवाल पुणे के एक प्रतिष्ठित रियल एस्टेट कारोबारी के बेटे थे और उनकी शादी मसाला कारोबारी की बेटी सिया गोयल से तय हुई थी। दोनों की शादी इसी साल नवंबर में होने वाली थी। शादी के लिए राजस्थान के उदयपुर स्थित एक आलीशान महल की बुकिंग भी की जा चुकी थी और मेहमानों के लिए दो चार्टर्ड विमानों की व्यवस्था की गई थी।

जन्मदिन के बहाने बनाया प्लान

जांच में सामने आया कि 18 जून को सिया गोयल का जन्मदिन था। इस मौके पर उसने लोहागढ़ किले में ट्रैकिंग का कार्यक्रम बनाया और अपने प्रेमी चेतन चौधरी को भी वहां बुलाया। आरोप है कि ट्रैकिंग के दौरान दोनों ने मिलकर केतन अग्रवाल को पहाड़ी से नीचे धक्का दे दिया। करीब 400 फीट गहरी खाई में गिरने से केतन की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस पूछताछ में चेतन चौधरी ने कथित तौर पर पूरी साजिश का खुलासा कर दिया है। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पिता का छलका दर्द

बेटे की मौत से टूट चुके केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने भावुक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि लड़की शादी नहीं करना चाहती थी तो वह साफ मना कर सकती थी। परिवार तुरंत रिश्ता खत्म कर देता, लेकिन इस तरह बेटे की जान लेना किसी भी कीमत पर सही नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने कहा कि परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था और खुशियों का माहौल था, लेकिन एक साजिश ने सब कुछ खत्म कर दिया। यह पहली बार नहीं है जब शादी से पहले मंगेतर की हत्या का मामला सामने आया हो। राजस्थान में भी बीते कुछ वर्षों में ऐसे कई सनसनीखेज घटनाक्रम सामने आ चुके हैं।

कोटा में मंगेतर ने दिलवाई थी होने वाले दूल्हे की हत्या

कोटा जिले के इटावा थाना क्षेत्र में इसी वर्ष अप्रैल में एक युवती ने अपने मंगेतर की हत्या की साजिश रच डाली थी। शादी से कुछ दिन पहले युवती ने कथित तौर पर बदमाशों को सुपारी देकर होने वाले दूल्हे धर्मेंद्र सेन की हत्या करवा दी थी। जांच में सामने आया कि युवती को यह रिश्ता पसंद नहीं था।

नागौर में दूल्हे ने की थी मंगेतर की हत्या

नागौर जिले में वर्ष 2020 में एक युवक ने अपनी मंगेतर की हत्या कर शव को खेत में दफना दिया था। पुलिस जांच में आरोपी ने कबूल किया था कि उसे शादी से पहले अपनी मंगेतर के किसी और से प्रेम संबंध होने की जानकारी मिली थी, जिसके बाद उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस कर रही गहन जांच

पुणे पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपियों के मोबाइल फोन, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या की साजिश कब और कैसे तैयार की गई थी। फिलहाल इस हाई-प्रोफाइल मामले ने महाराष्ट्र से लेकर राजस्थान तक लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है और शादी जैसे पवित्र रिश्ते के बीच विश्वासघात की यह कहानी चर्चा का विषय बनी हुई है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment