बूंदी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बालोतरा जिले के पचपदरा में आयोजित देश के पहले ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स के उद्घाटन समारोह के लाइव प्रसारण में लापरवाही बरतना बूंदी जिले के दो सरकारी कार्मिकों पर भारी पड़ गया। प्रशासन ने सरकारी आदेशों की अनदेखी करने के आरोप में तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को निलंबित कर दिया।
ग्रामीण नहीं देख सके प्रधानमंत्री का संबोधन
मामला बूंदी जिले के नैनवा ब्लॉक की बाछोला ग्राम पंचायत का है। राज्य सरकार ने निर्देश दिए थे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पचपदरा कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से दिखाया जाए, ताकि ग्रामीण भी इस ऐतिहासिक आयोजन और प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देख सकें।
लेकिन बाछोला ग्राम पंचायत में इस संबंध में कोई व्यवस्था नहीं की गई। इससे ग्रामीण प्रधानमंत्री के संबोधन और विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम का लाइव प्रसारण नहीं देख सके।
राजकार्य में लापरवाही मानते हुए निलंबन
नैनवा के विकास अधिकारी (BDO) नरेंद्र सिंह झाला ने मामले को गंभीर मानते हुए शनिवार को निलंबन आदेश जारी किए। आदेश के अनुसार, बाछोला ग्राम पंचायत के कार्यवाहक ग्राम विकास अधिकारी नरेश कुमार वर्मा को सरकारी निर्देशों की अवहेलना और राजकार्य में गंभीर लापरवाही का दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय नैनवा पंचायत समिति निर्धारित किया गया है।
सरकारी आदेशों की अनदेखी पर सख्त संदेश
प्रशासन का कहना है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का प्रसारण सुनिश्चित करने के लिए पहले से स्पष्ट निर्देश जारी किए गए थे। इसके बावजूद आवश्यक व्यवस्था नहीं करना गंभीर प्रशासनिक लापरवाही माना गया है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी योजनाओं और राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, मामले में अन्य संबंधित कार्मिकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर आगे भी कार्रवाई की जा सकती है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








