बीकानेर में गैंगस्टर नेटवर्क पर बड़ा एक्शन, रोहित गोदारा गैंग से जुड़े फरार हिस्ट्रीशीटर की अवैध संपत्तियों पर चला बुलडोजर

बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर जिले में संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और जिला प्रशासन ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। संयुक्त अभियान के दौरान रोहित गोदारा गैंग से जुड़े फरार हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर हरिओम रामावत की कथित अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाकर निर्माण ध्वस्त कर दिए गए। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार हरिओम रामावत, जिसे रावताराम के नाम से भी जाना जाता है, लंबे समय से फरार चल रहा है और उस पर लूट, डकैती, हत्या, हत्या के प्रयास, फायरिंग तथा आर्म्स एक्ट सहित 20 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। जांच एजेंसियों का दावा है कि आरोपी का संबंध गैंगस्टर रोहित गोदारा गिरोह से है और उसके खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

यह अभियान गंगाशहर वृत्ताधिकारी (सीओ) हिमांशु शर्मा के नेतृत्व में चलाया गया। कार्रवाई में गंगाशहर थाना पुलिस, बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) और जिला प्रशासन की टीम ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया। मौके पर गंगाशहर थानाधिकारी परमेश्वर सुथार, बीडीए की तहसीलदार आकांक्षा गोदारा समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

प्रशासन ने किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया। बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माण हटाए गए और पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई, ताकि भविष्य में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के दौरान इसका उपयोग किया जा सके। गंगाशहर सीओ हिमांशु शर्मा ने कहा कि जिले में संगठित अपराध, गैंगस्टरों और सक्रिय हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अपराध के जरिए अर्जित की गई संपत्तियों और अवैध निर्माणों पर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि अपराधियों के खिलाफ स्पष्ट और कड़ा संदेश जाए।

बीकानेर पुलिस के मुताबिक जिले में अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ने के उद्देश्य से अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई का अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अब तक 16 हार्डकोर अपराधियों, गैंगस्टरों और सक्रिय बदमाशों की कथित अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि आगे भी ऐसे अभियानों को जारी रखा जाएगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment