नई दिल्ली: नीट (NEET) पेपर लीक मामले और शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग को लेकर राजधानी दिल्ली का जंतर-मंतर एक बार फिर बड़े जनांदोलन का केंद्र बन गया है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आह्वान पर मंगलवार को लगातार दूसरे दिन हजारों की संख्या में छात्र, अभिभावक और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग जंतर-मंतर पर एकत्र हुए। जानकारी के मुताबिक, प्रदर्शन स्थल पर 15 से 20 हजार लोगों की भारी मौजूदगी रही, जिससे प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए।
‘जब तक मांगें पूरी नहीं, तब तक जारी रहेगा आंदोलन’ सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने साफ कर दिया है कि यह आंदोलन फिलहाल रुकने वाला नहीं है। उन्होंने जंतर-मंतर से संसद मार्च जारी रखने का बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि जब तक सरकार परीक्षा प्रणाली में पूरी पारदर्शिता लाने और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई का ठोस फैसला नहीं करती, तब तक छात्र सड़कों से पीछे नहीं हटेंगे।
पुलिस लाठीचार्ज का मामला पहुंचा हाईकोर्ट, तत्काल सुनवाई से इनकार दूसरी ओर, सोमवार को संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हुए कथित अत्यधिक बल प्रयोग और लाठीचार्ज का मामला अब दिल्ली हाईकोर्ट पहुंच गया है। पुलिस कार्रवाई के खिलाफ दायर जनहित याचिका पर मंगलवार को अदालत में तत्काल सुनवाई (Urgent Hearing) की मांग की गई, हालांकि हाईकोर्ट ने फिलहाल इस पर तुरंत सुनवाई करने से इनकार कर दिया। अदालत ने स्पष्ट किया कि याचिका नियमानुसार सामान्य प्रक्रिया के तहत ही आगे बढ़ेगी।
अस्पतालों में भर्ती हैं घायल, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर सोमवार को हुए हंगामे, धक्का-मुक्की और पुलिसिया कार्रवाई के बाद कई प्रदर्शनकारी छात्र और पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। घायलों का राम मनोहर लोहिया (RML), लेडी हार्डिंग और सफदरजंग अस्पताल में इलाज जारी है। मंगलवार को दिल्ली पुलिस संसद मार्ग और आसपास के इलाकों में काफी सतर्क दिखी। संसद की ओर जाने वाली सभी मुख्य सड़कों पर कई परत की बैरिकेडिंग कर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
जंतर-मंतर पर जारी यह विरोध अब केवल एक परीक्षा तक सीमित न रहकर देश की समूची शिक्षा व्यवस्था में सुधार का प्रतीक बनता जा रहा है। शासन-प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है, जबकि प्रदर्शनकारी अपने रुख पर कायम हैं।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







