जयपुर: बगरू इलाके में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं के साथ कथित मारपीट और वाहनों में तोड़फोड़ का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने राजस्थान पुलिस और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मामले में कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए हैं। रांका ने कहा कि घटना को करीब 48 घंटे बीत चुके हैं, लेकिन वीडियो में हिंसा और तोड़फोड़ करते नजर आ रहे लोगों के खिलाफ अब तक गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई। उन्होंने सोशल मीडिया पर बिना एडिट किया हुआ वीडियो दोबारा साझा करने की बात कही और पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
‘सबूत है तो हमें भी गिरफ्तार करें’
आशुतोष रांका ने कहा कि यदि पुलिस के पास ऐसा कोई सबूत है, जिससे यह साबित होता है कि वह या CJP का कोई अन्य सदस्य हिंसा में शामिल था, तो उन्हें भी गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने संबंधित सबूत सार्वजनिक करने की मांग भी की। रांका ने कहा कि राजस्थान को कानून-व्यवस्था से रहित राज्य नहीं बनने दिया जाएगा और पुलिस को मामले में कार्रवाई करने में और देरी नहीं करनी चाहिए।
रामपुरा-कंवरपुरा गांव में हुआ विवाद
मामला जयपुर के बगरू क्षेत्र के रामपुरा-कंवरपुरा गांव का है। CJP के अनुसार, संगठन के ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत उसके कार्यकर्ता गांव के राजकीय प्राथमिक स्कूल की स्थिति देखने पहुंचे थे। संगठन का आरोप है कि स्कूल पहुंचने पर कुछ लोगों ने कार्यकर्ताओं का विरोध किया और उन्हें वहां से जाने के लिए कहा। बताया गया कि आशुतोष रांका भी बाद में मौके पर पहुंचे। उनके पहुंचने के बाद नारेबाजी शुरू हुई और देखते ही देखते मौके पर तनाव बढ़ गया। इसके बाद धक्का-मुक्की और विवाद की स्थिति पैदा हो गई। CJP की ओर से आरोप लगाया गया है कि कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई और उन्हें गांव से बाहर खदेड़ दिया गया। संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि कार्यकर्ताओं की गाड़ियों के शीशे तोड़े गए।
मदन दिलावर ने CJP पर साधा निशाना
घटना को लेकर राजस्थान के मंत्री मदन दिलावर की प्रतिक्रिया भी सामने आई थी। उन्होंने CJP को ‘कॉकरोच पार्टी’ बताते हुए आरोप लगाया कि संगठन कांग्रेस के समर्थन से काम कर रहा है। दिलावर के अनुसार, ग्रामीणों को आशंका थी कि संगठन के लोगों के स्कूल में जाने से वहां का माहौल प्रभावित हो सकता है और बच्चों की पढ़ाई में व्यवधान आ सकता है। उन्होंने कहा कि स्कूलों में किसी भी तरह का व्यवधान नहीं होना चाहिए और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। फिलहाल, मामले में CJP की ओर से लगाए गए आरोपों और पुलिस की कार्रवाई को लेकर रांका ने जल्द कदम उठाने की मांग की है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







