सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की पत्नी शीला शेखावत को इंस्टाग्राम पर जान से मारने की धमकी, पुलिस ने दर्ज किया केस

हनुमानगढ़: श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के दिवंगत राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की पत्नी शीला शेखावत को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकी शीला शेखावत की बेटी उर्वशी शेखावत के इंस्टाग्राम अकाउंट के कमेंट बॉक्स में दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए शीला शेखावत ने हनुमानगढ़ जिले के गोगामेड़ी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार, ‘अभिषेक सिंह राजपूत’ नाम की इंस्टाग्राम आईडी से उर्वशी शेखावत की पोस्ट पर पहले सामान्य कमेंट किए जाते थे। बाद में आरोपी ने कथित तौर पर धमकी भरे कमेंट करना शुरू कर दिया। शिकायत में आरोप है कि धमकी केवल शीला शेखावत तक सीमित नहीं रही, बल्कि उनकी सुरक्षा में तैनात जवानों को भी निशाना बनाने की बात कही गई।पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने शीला शेखावत को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ अपने रुख में नरमी बरतने और स्टैंड बदलने को लेकर धमकी दी। आरोपी कथित तौर पर इसे गोगामेड़ी हत्याकांड के बाद विश्वासघात के रूप में देखता है। हालांकि, पुलिस इस धमकी के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपी की पहचान की जांच कर रही है। जांच में पारिवारिक या राजनीतिक रंजिश समेत अन्य पहलुओं को भी देखा जा रहा है।

BNS और IT Act के तहत मामला दर्ज

गोगामेड़ी थाने में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(2) और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया है। थानाधिकारी जयप्रकाश के नेतृत्व में पुलिस टीम जांच में जुटी है। साइबर टीम संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट की जानकारी जुटाने के साथ ही आईपी एड्रेस और अन्य तकनीकी सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

परिवार और समर्थकों में चिंता

धमकी की घटना सामने आने के बाद गोगामेड़ी परिवार और उनके समर्थकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी टीमों को सक्रिय किया है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment