जोधपुर: जिले के रेजिडेंसी रोड स्थित गांधी शांति प्रतिष्ठान केंद्र में रविवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘शिक्षा बचाओ, देश बचाओ’ संवाद कार्यक्रम के दौरान हंगामा हो गया। कार्यक्रम में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) से जुड़े कार्यकर्ता पहुंच गए। नारेबाजी और कथित तौर पर परिसर में दीवार फांदकर प्रवेश करने के प्रयास के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।
जय श्रीराम के नारों से गरमाया माहौल
कार्यक्रम में CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर संवाद कर रहे थे। इसी दौरान कुछ युवाओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। आरोप है कि कुछ कार्यकर्ता परिसर की दीवार फांदकर अंदर पहुंचे और ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाते हुए कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ने लगे। अचानक बढ़े तनाव के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शन कर रहे युवाओं को रोकने का प्रयास किया। पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस वाहन में बैठाया।
CJP कार्यकर्ताओं से धक्का-मुक्की का आरोप
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, नारेबाजी के दौरान CJP और विरोध करने पहुंचे युवाओं के बीच धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति भी बनी। एक CJP कार्यकर्ता को थप्पड़ मारने और उसके कपड़े फाड़ने का आरोप भी सामने आया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मारपीट की औपचारिक शिकायत या सूचना मिलने के बाद ही इस संबंध में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ABVP और भाजयुमो के 10-11 कार्यकर्ता डिटेन
घटना के बाद पुलिस ने ABVP के जोधपुर विभाग संयोजक ललित दाधीच और भाजयुमो के प्रदेश प्रवक्ता राजवीर सिंह बांता सहित करीब 10 से 11 लोगों को डिटेन किया। पुलिसकर्मियों ने मौके पर मौजूद रहकर नारेबाजी कर रहे युवाओं को परिसर से बाहर निकाला और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
पुलिस ने क्या कहा?
जोधपुर डीसीपी ईस्ट मनीष कुमार चौधरी ने बताया कि गांधी शांति प्रतिष्ठान में CJP का कार्यक्रम चल रहा था। कुछ लोग कार्यक्रम स्थल की चारदीवारी कूदकर परिसर में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे। इसी वजह से कुछ लोगों को डिटेन किया गया। डीसीपी ने कहा कि यदि मारपीट से संबंधित कोई सूचना या शिकायत प्राप्त होती है तो मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम को लेकर पहले से था विवाद
CJP की ओर से जोधपुर में शिक्षा और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में संगठन के को-कन्वीनर आशुतोष रांका के शामिल होने की जानकारी थी। इससे पहले शास्त्री सर्किल गार्डन में CJP के छात्र संवाद कार्यक्रम को पुलिस की ओर से अनुमति नहीं दिए जाने की बात भी सामने आई थी। गांधी शांति प्रतिष्ठान में हुए हंगामे के बाद पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी और मौके पर स्थिति को नियंत्रित किया।
Tags
Jodhpur News, CJP, Cockroach Janata Party, CJP Protest, ABVP, BJYM, Jodhpur CJP Program, Ashutosh Ranka, Lalit Dadhich, Rajveer Singh Banta, Education Bachao Desh Bachao, Rajasthan News, Jodhpur News Today
Permalink / Slug
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








