दौसा: राजस्थान के दौसा जिले की लालसोट नगर परिषद चुनाव में भाजपा की किन्नर प्रत्याशी मीनू बाई किन्नर को लेकर पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता परसादी लाल मीणा के बयान से राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। चुनाव प्रचार के दौरान दिए गए उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। भाजपा ने बयान को किन्नर समाज का अपमान बताते हुए विरोध जताया है। वहीं, मीनू बाई किन्नर ने वीडियो जारी कर पूर्व मंत्री के बयान पर भावुक प्रतिक्रिया दी है।
चुनावी सभा में मीनू किन्नर को लेकर दिया बयान
जानकारी के अनुसार, पूर्व मंत्री परसादी लाल मीणा सोमवार को लालसोट नगर परिषद के वार्ड नंबर-1 में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने वार्ड नंबर-34 से भाजपा प्रत्याशी मीनू किन्नर को लेकर टिप्पणी की। परसादी लाल मीणा ने कहा कि भाजपा को वार्ड में चुनाव लड़ाने के लिए कोई प्रत्याशी नहीं मिला, इसलिए किन्नर को टिकट दिया गया। उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई।
‘मीनू किन्नर जीत गईं तो लालसोट पर कलंक होगा’
वायरल वीडियो में परसादी लाल मीणा ने किन्नर समाज को लेकर भी टिप्पणी की और मीनू किन्नर को चुनाव नहीं जिताने की अपील की। उन्होंने कथित तौर पर कहा कि किन्नर समाज का काम लोगों की सेवा करना और आशीर्वाद देना है, चुनाव लड़ना नहीं। उन्होंने मतदाताओं से मीनू किन्नर को वोट नहीं देने की अपील करते हुए यह भी कहा कि यदि मीनू चुनाव जीतती हैं तो लालसोट पर ‘कलंक’ होगा। उन्होंने मीनू किन्नर से चुनाव मैदान से हटने की अपील भी की।
मीनू किन्नर बोलीं- ‘हम भी इंसान हैं’
पूर्व मंत्री के बयान के बाद भाजपा प्रत्याशी मीनू बाई किन्नर ने वीडियो जारी कर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि किन्नर होने के बावजूद वे भी इंसान हैं और किसी मां-बाप की संतान हैं। मीनू बाई ने सवाल किया कि किन्नर पैदा होने में उनका क्या कसूर है। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ना हर व्यक्ति का अधिकार है और उन्हें भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हिस्सा लेने का अधिकार है। मीनू ने परसादी लाल मीणा को पिता समान बताते हुए कहा कि उन्होंने कभी उनके खिलाफ गलत बात नहीं कही। इसके बावजूद उनके बारे में इस तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी बस्ती ही उनके लिए मां, पिता, भाई और बहन सब कुछ है।
लालसोट विधायक ने बयान को बताया राजनीतिक बौखलाहट
लालसोट विधायक रामविलास मीणा ने भी पूर्व मंत्री के बयान की निंदा की। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी और उन्हें समर्थन देने वाले वार्डवासियों के लिए जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया, वह शर्मनाक है। विधायक ने इसे राजनीतिक बौखलाहट बताते हुए कहा कि हर व्यक्ति को चुनाव लड़ने और अपनी बात रखने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि किन्नर समाज को भारतीय और सनातन संस्कृति में सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। रामविलास मीणा ने कहा कि इस मामले को लेकर चुनाव आयोग से शिकायत की जाएगी।
चुनावी मुकाबले के बीच बयान बना चर्चा का विषय
इस पूरे विवाद के बाद लालसोट नगर परिषद चुनाव का मुकाबला और ज्यादा चर्चा में आ गया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि चुनाव में राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन किसी प्रत्याशी की लैंगिक पहचान को लेकर टिप्पणी करना उचित नहीं है।
वहीं, परसादी लाल मीणा के बयान और मीनू बाई किन्नर के भावुक जवाब का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना होगा कि चुनाव आयोग की शिकायत और इस विवाद का आगामी नगर परिषद चुनाव पर क्या असर पड़ता है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







