प्रयागराज में समाजवादी पार्टी के नेता और मुगरांव गांव के पूर्व ग्राम प्रधान पवन कुमार यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने के बाद घायल पवन सड़क पर पड़े मदद की गुहार लगाते रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उन्होंने लोगों से अस्पताल ले जाने की अपील करते हुए कहा, “मुझे बचा लो… कोई तो अस्पताल ले चलो।” हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना उस समय हुई जब पवन एक कैफे से निकलकर अपनी कार की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि शाम करीब 5:20 बजे जैसे ही वह कैफे से बाहर निकले, बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन पर बेहद नजदीक से फायरिंग कर दी। गोली पेट और पीठ में लगने के बाद पवन जमीन पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पवन को हंडिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उन्हें टैगोर टाउन स्थित अस्पताल रेफर किया गया। इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें एसआरएन अस्पताल भेज दिया, जहां चिकित्सकों ने पवन को मृत घोषित कर दिया।
42 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
हत्याकांड की जांच में पुलिस ने कई इलाकों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटाई है। हंडिया, भदोही और टोल प्लाजा के आसपास लगे 42 से अधिक कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है। शुरुआती जांच में बाइक चला रहा आरोपी बिना हेलमेट दिखाई दिया, जबकि पीछे बैठे दो बदमाशों ने हेलमेट पहन रखा था। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी वाराणसी मार्ग पर बरौत की ओर भागे।
पवन की गतिविधियों की पहले से जानकारी होने का शक
पुलिस को आशंका है कि हमलावरों को पवन की गतिविधियों की पहले से जानकारी थी। बताया गया है कि वह करीब दो घंटे तक कैफे में दोस्तों के साथ मौजूद थे। उनके बाहर निकलते ही बदमाशों का वहां पहुंचना पुलिस के लिए जांच का अहम बिंदु बना हुआ है। पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि क्या किसी व्यक्ति ने कैफे से पवन के निकलने की जानकारी हमलावरों तक पहुंचाई थी।
पुरानी रंजिश के एंगल से भी जांच
पवन के बड़े भाई अशोक ने हंडिया थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ शिकायत दी है। परिजनों ने पुलिस को दो ऐसे लोगों के नाम भी बताए हैं, जिनसे पवन की कथित तौर पर पुरानी रंजिश थी। पुलिस ने हत्या सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच के दौरान पवन और गांव के वर्तमान प्रधान विनोद के बीच विवाद की जानकारी भी पुलिस के सामने आई है। इसी आधार पर पुलिस ने प्रधान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। हालांकि, पुलिस अभी यह स्पष्ट नहीं कर रही है कि इस विवाद का हत्या से कोई सीधा संबंध है या नहीं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पवन यादव मुगरांव गांव के पूर्व प्रधान होने के साथ समाजवादी पार्टी के जिला सचिव भी बताए जा रहे हैं। वह दो भाइयों में सबसे छोटे थे। परिवार में उनकी पत्नी नीतू देवी, तीन बेटियां खुशी, मुस्कान और छोटी तथा एक बेटा प्रिंस है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।








