नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़: जमात-ए-इस्लामी हिंद ने की निष्पक्ष जांच की मांग

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार (15 फरवरी, 2025) की रात को हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। प्लेटफॉर्म नंबर 13 और 14 पर हुई भगदड़ में 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। इस हादसे के बाद मुस्लिम संगठन जमात-ए-इस्लामी हिंद ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार से निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

जमात-ए-इस्लामी हिंद का बयान मुस्लिम संगठन ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर पोस्ट जारी करते हुए लिखा, “इस दुखद घटना से हम बेहद दुखी हैं। हमारी संवेदनाएं मृतकों के परिवारों के साथ हैं, और हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।”

सरकार को जिम्मेदारी लेनी चाहिए: प्रो. सलीम इंजीनियर जमात-ए-इस्लामी हिंद के उपाध्यक्ष प्रोफेसर सलीम इंजीनियर ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा, “हम अधिकारियों से आग्रह करते हैं कि भगदड़ के कारणों की गहराई से जांच की जाए, जवाबदेही तय की जाए, और भीड़ प्रबंधन में हुई चूक के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। सरकार को इस घटना की जिम्मेदारी कबूल करनी चाहिए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल और प्रभावी कदम उठाने चाहिए।”

प्रो. इंजीनियर ने भीड़ प्रबंधन में सुधार और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया।

कांग्रेस ने मोदी सरकार पर साधा निशाना इस हादसे के बाद कांग्रेस ने केंद्र सरकार को निशाने पर लेते हुए लापरवाही और कुप्रबंधन का आरोप लगाया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ से कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। स्टेशन से आ रहे वीडियो हृदयविदारक हैं। मोदी सरकार द्वारा मौतों की सच्चाई छिपाने की कोशिश निंदनीय है।”

कांग्रेस की मांगें:

  1. मृतकों और घायलों की वास्तविक संख्या की आधिकारिक घोषणा की जाए।
  2. लापता यात्रियों की पहचान कर उन्हें खोजने का प्रयास किया जाए।
  3. मृतकों के परिवारों को पर्याप्त मुआवजा प्रदान किया जाए।
  4. घायलों को तत्काल और उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सुविधाएं दी जाएं।

रेलवे प्रशासन की प्रतिक्रिया रेलवे अधिकारियों ने घटना की जांच के लिए एक समिति का गठन किया है। अधिकारियों के अनुसार, भगदड़ उस समय मची जब हजारों श्रद्धालु प्रयागराज महाकुंभ के लिए ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहे थे। रेलवे प्रवक्ता ने कहा, “हम यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं और इस घटना के हर पहलू की जांच की जाएगी।”

यह हादसा एक बार फिर देश की भीड़ प्रबंधन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब देखना यह होगा कि सरकार और प्रशासन इस दर्दनाक घटना से सबक लेते हुए भविष्य में ऐसी त्रासदियों को रोकने के लिए क्या कदम उठाते हैं।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट

संबंधि‍त ख़बरें

सोना चांदी की कीमत