राजस्थान के बहुचर्चित जल जीवन मिशन (JJM) घोटाले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) को बड़ी सफलता मिली है। मामले में आरोपी संजय बड़ाया को दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में ले लिया गया है। बताया जा रहा है कि एसीबी की टीम उसे लेकर जयपुर रवाना हो चुकी है। संजय बड़ाया हाल ही में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए थाईलैंड गया हुआ था।
लुक आउट नोटिस के बाद हुई कार्रवाई
Anti Corruption Bureau Rajasthan और Special Operations Group Rajasthan ने पहले ही संजय बड़ाया के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी करवा रखा था। जैसे ही वह विदेश से लौटकर दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा, एसीबी की टीम ने उसे हिरासत में ले लिया। यह कार्रवाई डीआईजी डॉ. रामेश्वर सिंह की निगरानी में की गई। टीम में एसपी महावीर प्रसाद शर्मा, एसपी भूपेंद्र सिंह और एसपी हिमांशु कुलदीप समेत कई अधिकारी शामिल रहे। कार्रवाई डीजी गोविंद गुप्ता और एडीजी स्मिता श्रीवास्तव के निर्देश पर अंजाम दी गई।
महेश जोशी की गिरफ्तारी से पहले विदेश भागा था
सूत्रों के अनुसार, संजय बड़ाया पूर्व मंत्री Mahesh Joshi की गिरफ्तारी से दो दिन पहले ही विदेश चला गया था। इसी वजह से जांच एजेंसियां उसे पहले पकड़ नहीं पाई थीं। संजय बड़ाया पर आरोप है कि वह महेश जोशी के लिए कथित तौर पर घूस की रकम एकत्र करने का काम करता था। जांच एजेंसियां अब उससे पूछताछ कर घोटाले के अन्य पहलुओं और नेटवर्क की जानकारी जुटाने की तैयारी में हैं।
महेश जोशी से लगातार पूछताछ
सूत्रों के मुताबिक, एसीबी ने गिरफ्तार पूर्व जलदाय मंत्री महेश जोशी से रिमांड अवधि के दौरान करीब 24 घंटे तक पूछताछ की है। जांच अधिकारियों ने उनसे जेजेएम घोटाले में कथित फर्जीवाड़े, ठेकेदारों से वसूली और विभागीय अधिकारियों की भूमिका को लेकर कई सवाल पूछे। हालांकि महेश जोशी ने पूछताछ में दावा किया कि उनके पास नीचे से फाइलें आती थीं, जिन्हें उन्होंने मंजूरी दी थी। रिश्वत और अवैध वसूली के आरोपों से उन्होंने इनकार किया है।
आज ACB कोर्ट में पेश होंगे महेश जोशी
रिमांड अवधि पूरी होने के बाद सोमवार को महेश जोशी को एसीबी कोर्ट में पेश किया जाएगा। गौरतलब है कि करीब 960 करोड़ रुपये के बहुचर्चित जल जीवन मिशन घोटाले में एसीबी ने उन्हें 7 मई को गिरफ्तार किया था।
राजस्थान की राजनीति में मचा भूचाल
जेजेएम घोटाले को लेकर राजस्थान की राजनीति में लगातार हलचल बनी हुई है। विपक्ष इस मामले को लेकर पूर्व कांग्रेस सरकार पर हमलावर है, जबकि जांच एजेंसियां अब पूरे नेटवर्क और कथित भ्रष्टाचार की परतें खोलने में जुटी हुई हैं।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







