भरतपुर नगर निगम चुनाव में बड़ा उलटफेर, एक ही वार्ड से कांग्रेस और बीजेपी ने मनोज सिंह को दिया टिकट

Bharatpur News: भरतपुर नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। वार्ड नंबर 19 सोमवार को उस समय चर्चा में आ गया, जब कांग्रेस और बीजेपी दोनों ही पार्टियों ने एक ही व्यक्ति मनोज सिंह को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। खास बात यह है कि मनोज सिंह की राजनीतिक पृष्ठभूमि कांग्रेस से जुड़ी रही है।

मनोज सिंह के पिता होतीलाल विधायक रह चुके हैं। वहीं मनोज सिंह खुद भी दो बार पार्षद रह चुके हैं। कांग्रेस के अनुसार मनोज सिंह ने पार्टी से टिकट के लिए आवेदन किया था, लेकिन अब उन्होंने बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ने की बात कही है। इसके बाद कांग्रेस ने उन्हें पार्टी से निष्कासित करने का फैसला लिया है।

कांग्रेस का दावा- मनोज सिंह ने पार्टी से मांगा था टिकट

कांग्रेस प्रवक्ता यागेश सिंघल के अनुसार मनोज सिंह ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में ऑनलाइन आवेदन किया था। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस जिलाध्यक्ष दिनेश सूपा को ऑफलाइन आवेदन भी दिया। कांग्रेस का कहना है कि मनोज सिंह दोपहर करीब 12 बजे तक पार्टी के संपर्क में थे और उन्होंने अपने दस्तावेज भी जमा कराए थे।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष दिनेश सूपा ने आरोप लगाया कि मनोज सिंह ने पार्टी से टिकट के लिए आवेदन किया और बैठक में प्रभारी से भी मुलाकात की थी। उनके मुताबिक मनोज सिंह पहले निर्दलीय चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस का समर्थन कर चुके हैं और मजबूत कार्यकर्ता होने के कारण पार्टी ने उन्हें वार्ड 19 से टिकट दिया था।

दिनेश सूपा ने कहा कि मनोज सिंह ने पार्टी का भरोसा तोड़ा और पार्टी को भ्रम में रखा। इसी वजह से उन्हें पार्टी से निष्कासित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी के साथ धोखा करने का जवाब जनता चुनाव में देगी।

बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ने की बात

मनोज सिंह ने अपने आवेदन में कांग्रेस से 36 साल के जुड़ाव का उल्लेख किया था। हालांकि, रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष मनोज सिंह ने कांग्रेस की ओर से आवेदन नहीं किया। अब उन्होंने बीजेपी से चुनाव लड़ने की बात कही है।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद वार्ड नंबर 19 का चुनाव मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है। एक ही व्यक्ति का नाम दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों की सूची में सामने आने से स्थानीय राजनीति में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

कांग्रेस ने 58 वार्डों में उतारे प्रत्याशी

भरतपुर नगर निगम में कुल 65 वार्ड हैं। कांग्रेस ने इनमें से 58 वार्डों में अपने प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारा है, जबकि 7 वार्डों में पार्टी ने सिंबल नहीं दिया है। कांग्रेस ने वार्ड नंबर 10, 14, 17, 34, 38, 50 और 65 को खाली छोड़ा है। इन वार्डों में पार्टी ने ओपन चुनाव की स्थिति रखी है।

कांग्रेस की सूची में वार्ड नंबर 1 से समय सिंह मीणा, 2 से रवि मुरवारा, 3 से हरजीत सिंह, 4 से भूपेंद्र सिंह, 5 से गजेंद्र कुमार, 6 से शैलवी, 7 से राहुल चौधरी, 8 से गौरव शर्मा, 9 से सीमा कुमारी और 11 से समन्दर सिंह सहित अन्य प्रत्याशियों को टिकट दिया गया है। वार्ड 19 से मनोज सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है।

बीजेपी ने 57 वार्डों में उतारे प्रत्याशी

वहीं बीजेपी ने कुल 65 वार्डों में से 57 वार्डों में अपने प्रत्याशियों की सूची जारी की है। पार्टी ने वार्ड नंबर 2, 3, 9, 16, 34, 48, 52 और 53 को खाली छोड़ा है। बीजेपी के अनुसार इन वार्डों में ओपन चुनाव होगा।

बीजेपी की सूची में वार्ड नंबर 1 से कप्तान सिंह मीणा, 4 से भूपालचंद, 5 से सोनवीर, 6 से ज्योति बंसल, 7 से तेजेंद्र सिंह उर्फ लाला पहलवान, 8 से जितेंद्र सिंह और 19 से मनोज सिंह समेत अन्य उम्मीदवार शामिल हैं।

अब वार्ड नंबर 19 में कांग्रेस और बीजेपी के टिकट को लेकर पैदा हुआ विवाद स्थानीय चुनाव में बड़ा मुद्दा बनता दिखाई दे रहा है। मनोज सिंह किस पार्टी के टिकट पर आधिकारिक रूप से चुनाव मैदान में रहते हैं और इस पूरे मामले में नामांकन प्रक्रिया के दौरान क्या स्थिति बनती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment