PhonePe का बड़ा कदम! अब फीचर फोन से भी बिना इंटरनेट कर सकेंगे UPI पेमेंट, जानें कैसे करेगा काम

भारत में डिजिटल पेमेंट का चलन तेजी से बढ़ रहा है। UPI ने ऑनलाइन लेनदेन को काफी आसान बना दिया है, लेकिन आज भी बड़ी संख्या में लोग ऐसे हैं जो स्मार्टफोन की जगह फीचर फोन का इस्तेमाल करते हैं। इन यूजर्स के लिए बिना इंटरनेट UPI पेमेंट करना अब तक आसान नहीं था। इसी समस्या को दूर करने के लिए PhonePe ने UPI 123Pay पेश किया है। कंपनी का दावा है कि इस सुविधा के जरिए फीचर फोन यूजर्स बिना इंटरनेट कनेक्शन के UPI पेमेंट कर सकेंगे। PhonePe के अनुसार भारत में 20 करोड़ से ज्यादा फीचर फोन यूजर्स हैं और UPI 123Pay के जरिए इन्हें डिजिटल पेमेंट सिस्टम से जोड़ने में मदद मिलेगी।

कमजोर 2G नेटवर्क में भी कर सकेंगे पेमेंट

PhonePe UPI 123Pay को विशेष रूप से फीचर फोन यूजर्स को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह SMS आधारित तकनीक पर काम करता है, जिससे कमजोर 2G नेटवर्क वाले क्षेत्रों में भी डिजिटल भुगतान की सुविधा मिल सकती है। यूजर्स मोबाइल नंबर या UPI ID के जरिए किसी दूसरे व्यक्ति को पैसे भेज सकेंगे। इसके अलावा UPI ID और QR कोड के जरिए दुकानदारों को भी भुगतान किया जा सकेगा। फीचर फोन से बैंक अकाउंट का बैलेंस और ट्रांजैक्शन हिस्ट्री देखने की सुविधा भी मिलेगी।

PhonePe ने इस सुविधा के लिए Nokia, HMD, Lava International और Itel Mobile के साथ साझेदारी की है। इन कंपनियों के कुछ फीचर फोन में UPI 123Pay की सुविधा पहले से उपलब्ध कराई जाएगी। कंपनी आने वाले समय में अन्य मोबाइल निर्माताओं को भी इस सुविधा से जोड़ने की योजना बना रही है। भविष्य में UPI 123Pay में बिल पेमेंट, मोबाइल रिचार्ज और Aadhaar के जरिए UPI रजिस्ट्रेशन जैसी सुविधाएं भी जोड़ी जा सकती हैं।

12 भारतीय भाषाओं में मिलेगी AI वॉयस हेल्प

फीचर फोन यूजर्स को UPI 123Pay इस्तेमाल करने में परेशानी न हो, इसके लिए PhonePe ने AI आधारित वॉयस हेल्पलाइन भी शुरू की है। यह अंग्रेजी के अलावा 12 भारतीय भाषाओं में यूजर्स की मदद करेगी।यह सामान्य IVR सिस्टम से अलग होगी। इसमें सिर्फ नंबर दबाकर विकल्प चुनने के बजाय यूजर बातचीत के जरिए अपने सवाल पूछ सकेगा और सिस्टम उसे आगे के स्टेप्स बताएगा।

फीचर फोन में PhonePe UPI 123Pay कैसे शुरू करें?

UPI 123Pay शुरू करने के लिए स्मार्टफोन या इंटरनेट कनेक्शन की जरूरत नहीं होगी। यूजर को फीचर फोन में पहले से मौजूद PhonePe ऐप खोलना होगा और नियम व शर्तों को स्वीकार करना होगा। इसके बाद बैंक अकाउंट को लिंक करने के लिए अपना बैंक चुनना होगा। बैंक चुनने के बाद डेबिट कार्ड के आखिरी 6 अंक और एक्सपायरी डेट दर्ज करनी होगी। इसके बाद UPI PIN सेट करना होगा। PIN सेट होते ही UPI ID सक्रिय हो जाएगी और यूजर फीचर फोन से भुगतान कर सकेगा।

फीचर फोन से कैसे भेजें पैसे?

PhonePe के अनुसार यूजर कॉन्टैक्ट बुक, मोबाइल नंबर या UPI ID के जरिए पैसे भेज सकेगा। कैमरा वाले फीचर फोन में QR कोड स्कैन करके भी भुगतान किया जा सकता है।

  • मोबाइल नंबर या UPI ID से पेमेंट: PhonePe ऐप खोलें, Pay to Mobile Number या Pay to UPI ID विकल्प चुनें, मोबाइल नंबर/UPI ID दर्ज करें, प्राप्तकर्ता की जानकारी जांचें, राशि दर्ज करें और UPI PIN डालकर पेमेंट पूरा करें।
  • QR कोड से पेमेंट: अगर फीचर फोन में कैमरा मौजूद है तो Scan & Pay विकल्प के जरिए QR कोड स्कैन करें। इसके बाद भुगतान की राशि दर्ज करें और UPI PIN डालकर ट्रांजैक्शन पूरा करें। सफल भुगतान के बाद स्क्रीन पर इसकी जानकारी दिखाई देगी।

फीचर फोन यूजर्स के लिए क्यों खास है UPI 123Pay?

UPI 123Pay का सबसे बड़ा फायदा उन लोगों को मिल सकता है, जो स्मार्टफोन या तेज इंटरनेट कनेक्शन का इस्तेमाल नहीं करते। खासकर ग्रामीण और कमजोर नेटवर्क वाले क्षेत्रों में फीचर फोन के जरिए डिजिटल पेमेंट की सुविधा मिलने से कैशलेस लेनदेन को बढ़ावा मिल सकता है।

manoj Gurjar
Author: manoj Gurjar

मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।

Leave a Comment