Sawai Madhopur News: राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई लगातार जारी है। सवाई माधोपुर ACB इकाई ने सोमवार को ट्रैप कार्रवाई करते हुए रेलवे पुलिस चौकी लाखेरी में तैनात कांस्टेबल मोहम्मद नदीम कुरैशी को 70 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। ACB टीम ने आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली है।
चोरी के मामले में नाम नहीं जोड़ने के बदले मांगी रिश्वत
ACB के महानिदेशक गोविंद गुप्ता के अनुसार सवाई माधोपुर स्थित ACB चौकी पर एक परिवादी ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि लाखेरी रेलवे पुलिस चौकी में दर्ज रेलवे सामान चोरी के एक मामले में उसे आरोपी नहीं बनाने और प्रकरण को रफा-दफा करने के बदले कांस्टेबल मोहम्मद नदीम कुरैशी द्वारा 1 लाख रुपए की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत मिलने के बाद ACB टीम ने 25 अगस्त को रिश्वत मांगने की शिकायत का गोपनीय तरीके से सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान सामने आया कि आरोपी कांस्टेबल ने सवाई माधोपुर रेलवे स्टेशन पर पेशी की तारीख के दौरान परिवादी पर रिश्वत की रकम देने का दबाव बनाया था। परिवादी द्वारा रिश्वत की रकम कम करने का आग्रह करने पर आरोपी पहले 80 हजार रुपए और बाद में 70 हजार रुपए लेने पर सहमत हो गया।
घर पहुंचकर रिश्वत लेते ही ACB ने दबोचा
सोमवार को आरोपी कांस्टेबल ने रिश्वत की रकम लेने के लिए परिवादी से संपर्क किया और उसके घर पहुंचकर पैसे लेने की बात कही। सूचना मिलने के बाद ACB टीम ने परिवादी के मकान के आसपास जाल बिछा दिया। जैसे ही आरोपी कांस्टेबल परिवादी के घर पहुंचा और 70 हजार रुपए की रिश्वत स्वीकार की, ACB की टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
ACB की यह कार्रवाई भरतपुर परिक्षेत्र के उप महानिरीक्षक पुलिस (DIG) ओमप्रकाश मीणा के पर्यवेक्षण और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) रामेश्वर परिहार के नेतृत्व में गठित टीम ने की। गिरफ्तारी के बाद ACB टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जारी है।
ACB ने आमजन से की शिकायत करने की अपील
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी वैध काम के बदले रिश्वत की मांग करता है तो नागरिक डरें नहीं और इसकी शिकायत ACB से करें। लोग भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायत के लिए ACB के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 या व्हाट्सऐप नंबर 9413502834 पर 24 घंटे संपर्क कर सकते हैं। ब्यूरो ने आमजन से भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करने की अपील की है।
Author: manoj Gurjar
मनोज गुर्जर पिछले 5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, राजनीति और तकनीक जैसे विषयों पर विशेष रूप से लेखन करते आ रहे हैं। इन्होंने देश-दुनिया की बड़ी घटनाओं को गहराई से कवर किया है और पाठकों तक तथ्यात्मक, त्वरित और विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का काम किया है।







